यूपी चुनाव में मथुरा बना बीजेपी का नया केंद्र, दिल्ली में योगी-शाह की एक घंटे तक हुई चर्चा
मथुरा के चिंतन शिविर के बाद दिल्ली पहुंचे सीएम योगी, नितिन नवीन और अमित शाह से की मुलाकात, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और हिंदुत्व के मुद्दों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में अगली सरकार किसकी होगी, इसकी तैयारी अभी से शुरू हो गई है। बीजेपी ने चुनावी रणनीति बनाने के लिए मथुरा से लेकर दिल्ली तक बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है। इस बार पार्टी के एजेंडे में कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी खास जगह रखता नजर आ रहा है। मथुरा में दो दिन तक चले चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
मंगलवार को मथुरा में बीजेपी की अहम बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद सीएम योगी दिल्ली रवाना हो गए। वहां सबसे पहले उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
इसके बाद मुख्यमंत्री गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। यहां करीब एक घंटे तक बैठक चली। इस दौरान अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के साथ नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद रहे। हालांकि, बैठक में हुई बातचीत की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
मथुरा की बैठक में क्या बनी रणनीति?
मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक में बीजेपी नेताओं ने चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा की। पार्टी की योजना है कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार के कामकाज की जानकारी दें। कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, विकास कार्य, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रवाद जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा। साथ ही पिछले दस साल में प्रदेश में हुए बदलावों को भी चुनाव प्रचार का हिस्सा बनाने की तैयारी है।
बैठक के बाद नेताओं ने अयोध्या और काशी के बाद मथुरा की बात करते हुए नारे लगाए। कार्यकर्ताओं के बीच ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ का नारा भी सुनाई दिया। इससे साफ है कि बीजेपी अपने चुनावी संदेश में मथुरा और कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को भी प्रमुखता देना चाहती है।
केशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
बैठक के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें अपनी साइकिल सैफई तक पहुंचानी है तो उन्हें मथुरा आकर कृष्ण जन्मभूमि के मुक्ति यज्ञ में सनातनियों का साथ देना चाहिए।
दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद क्या होगा अगला कदम?
सीएम योगी ने अमित शाह से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर इसे शिष्टाचार भेंट बताया और समय देने के लिए उनका आभार जताया। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को चुनावी तैयारियों और मथुरा की बैठक में मिले फीडबैक से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और संगठन की तैयारियों से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया है। अब देखना होगा कि बीजेपी अपनी इस रणनीति को आने वाले दिनों में किस तरह जमीन पर उतारती है।



