अनंत सिंह के गढ़ में नीरज कुमार का जोरदार स्वागत, चांदी का मुकुट पहनाकर समर्थकों ने लगाए ‘बड़े सरकार’ के नारे
पटना स्नातक सीट से विधान परिषद चुनाव जीतने वाले जेडीयू नेता नीरज कुमार सोमवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह के प्रभाव वाले पंडारक गांव पहुंचे। यहां उनके स्वागत में ऐसा आयोजन हुआ, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी।

Lucknow Desk : बिहार की राजनीति में चुनावी हार-जीत के बाद अब नए सियासी समीकरण देखने को मिल रहे हैं। पटना स्नातक सीट से विधान परिषद चुनाव जीतने वाले जेडीयू नेता नीरज कुमार सोमवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह के प्रभाव वाले पंडारक गांव पहुंचे। यहां उनके स्वागत में ऐसा आयोजन हुआ, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी। समर्थकों ने नीरज कुमार को चांदी का मुकुट पहनाया और ‘बड़े सरकार’ के नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया।
खास बात यह रही कि जिस इलाके को अनंत सिंह का गढ़ माना जाता है, वहीं नीरज कुमार के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। इस दौरान जेडीयू और एनडीए के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।
अनंत सिंह के समर्थन वाले प्रत्याशी को मिली हार
दरअसल, पटना स्नातक सीट पर हुए विधान परिषद चुनाव में जेडीयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन किया था। उन्हें अनुज कुमार की जीत का पूरा भरोसा था। यहां तक कि अनंत सिंह के पटना स्थित आवास पर जीत की उम्मीद में मिठाइयां भी तैयार की गई थीं।
लेकिन जब नतीजे आए तो तस्वीर पूरी तरह बदल गई। नीरज कुमार की जीत के बाद अनंत सिंह के समर्थकों में निराशा देखने को मिली।
पंडारक में नीरज कुमार को पहनाया गया चांदी का मुकुट
चुनाव परिणाम आने के बाद सोमवार को नीरज कुमार पहली बार पंडारक पहुंचे। उनके स्वागत के लिए अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था। इस मौके पर समर्थकों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘छोटे सरकार’ के नाम से पहचाने जाने वाले अनंत सिंह के इलाके में ‘बड़े सरकार’ के नारे गूंजते रहे। समर्थकों के इस अंदाज को बिहार की राजनीति में शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
नीरज कुमार के विरोध में अनंत सिंह ने खोला था मोर्चा
इस चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक टकराव भी सामने आया था। अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार का समर्थन करने के बजाय जन सुराज के अनुज कुमार के पक्ष में प्रचार किया था। नीरज कुमार का विरोध करने के चलते उन्हें जेडीयू से निष्कासित भी कर दिया गया था।
हालांकि, अनंत सिंह ने उस समय सफाई देते हुए कहा था कि उनका विरोध पार्टी से नहीं, बल्कि एक व्यक्ति विशेष से है। उन्होंने यहां तक कहा था कि नीरज कुमार का विरोध करना पड़ा तो वह विदेश जाकर भी विरोध करेंगे।
‘छोटे सरकार’ के इलाके में ‘बड़े सरकार’ की चर्चा
मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में अनंत सिंह को लंबे समय से ‘छोटे सरकार’ के नाम से जाना जाता है। अब नीरज कुमार के स्वागत में ‘बड़े सरकार’ के नारे लगाए जाने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
समर्थकों ने चांदी का मुकुट पहनाकर नीरज कुमार को नया संबोधन दिया है। ऐसे में पंडारक का यह अभिनंदन समारोह केवल स्वागत कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सियासी मुकाबले के नए संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।



