उत्तर प्रदेश

लखनऊ लाई गई आरोपी श्रद्धा दुबे, बहन और ड्राइवर से भी पूछताछ शुरू

यह भी दावा किया जा रहा है कि शिवा शर्मा की मौत के वक्त आमिर घटनास्थल पर मौजूद था और उसने श्रद्धा को नेपाल जाने में मदद की थी। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही हो सकेगी।

Lucknow Desk : शिवा शर्मा हत्याकांड में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी एसटीएफ गुरुवार को लखनऊ लेकर पहुंची। उनके साथ बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश भी मौजूद हैं। तीनों को हजरतगंज थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने अलग-अलग बैठाकर पूछताछ और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थाने पहुंचते ही मीडिया से बचती दिखीं श्रद्धा दुबे

लखनऊ पहुंचने के बाद श्रद्धा दुबे मीडिया कैमरों से बचती नजर आईं। थाने में प्रवेश के दौरान उन्होंने अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हैं।

जांच में आमिर का नाम भी आया सामने

इस मामले में अब श्रद्धा दुबे के करीबी बताए जा रहे आमिर की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद श्रद्धा के आमिर के साथ नेपाल जाने की जानकारी सामने आई है। यह भी दावा किया जा रहा है कि शिवा शर्मा की मौत के वक्त आमिर घटनास्थल पर मौजूद था और उसने श्रद्धा को नेपाल जाने में मदद की थी। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही हो सकेगी।

नागपुर कोर्ट से मिला था 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड

जानकारी के मुताबिक, यूपी एसटीएफ ने बुधवार को नागपुर जिला न्यायालय से तीनों आरोपियों का 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया था। इसके बाद बुधवार शाम करीब 7 बजे टीम निजी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कारों के काफिले से उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुई। गुरुवार को लखनऊ पहुंचने के बाद पुलिस ने पूछताछ की कार्रवाई शुरू कर दी।

9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत

मामले की शुरुआत 9 अक्टूबर को हुई घटना से हुई, जब लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद युवा कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि, ड्राइवर और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान क्या नए तथ्य सामने आते हैं और आमिर की भूमिका को लेकर जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button