‘यूपी चुनाव 2027 जनता का चुनाव होगा’,यूपी MLC रिजल्ट पर बोले रवि किशन
गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी सांसद रवि किशन ने यूपी एमएलसी चुनाव के रिजल्ट पर अपने ही अंदाज में प्रतिक्रिया दी है।

Luknow Desk : उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव में कहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जीत दर्ज की, तो कहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी जीत का परचम लहराया। इन नतीजों के बीच भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने इसे शिक्षक-ग्रैजुएट का चुनाव बताया।
भाजपा सांसद ने कहा कि 2027 का चुनाव विधानसभा का चुनाव है। इसमें भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। दरअसल, भाजपा सांसद रवि किशन लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का अपने अंदाज में जवाब दिया। गोरखपुर में अखिलेश यादव के ब्राह्मण दांव न चलने पर वे मुस्कुरा कर रह गए। वहीं, यूपी चुनाव 2027 में भाजपा की स्थिति पर उन्होंने दावा किया कि बम-बम रिजल्ट आएगा।
रवि किशन अपने खास अंदाज और भोजपुरी भाषा में जवाब देने के लिए जाने जाते हैं। एमएलसी चुनाव के परिणामों को लेकर जब उनसे सवाल किया गया, तो उन्होंने अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उनके बयान को आगामी चुनावों और उत्तर प्रदेश की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि यूपी चुनाव 2027 जनता का चुनाव होगा। उस चुनाव में मुद्दा प्रदेश का विकास होगा। एमएलसी चुनाव शिक्षक का चुनाव था। रवि किशन ने कहा कि आम जनता चुनाव में वोट डालने के दौरान लॉ एंड ऑर्डर देखती है। जनता विकास देखती है। जनता 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश देख चुकी है। एक बार फिर उसी प्रकार की स्थिति में कोई नहीं लौटना चाहता। इसलिए, मैं ऑन रिकॉर्ड बोल रहा हूं, यूपी चुनाव में बम-बम होगा।
दरअसल, एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा और सपा दोनों की ओर से राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में रवि किशन के बयान ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
हालांकि, एमएलसी चुनाव के नतीजों को विधानसभा चुनाव के नतीजों से अलग माना जाता है, क्योंकि दोनों चुनावों की प्रक्रिया और मतदाता अलग होते हैं। ऐसे में इन परिणामों का राजनीतिक असर समझने के लिए चुनाव के पूरे समीकरण पर नजर रखना जरूरी है।
रवि किशन ने कहा कि यह जो नया उत्तर प्रदेश बना है, इससे लोग अभिभूत हैं। इस विकास की रफ्तार पकड़ रहे प्रदेश को 25 करोड़ की आबादी हाथ से जाने नहीं देगी। हमारा भोजपुरिया समाज, अवधि समाज इस सरकार को जाने नहीं देगा। अपने बाल-बच्चों के लिए सुरक्षित प्रदेश बनाने के लिए एक बार फिर भाजपा को लोग चुनेंगे। वह विधायकी का चुनाव है, आपलोग समझा करिए। अब रवि किशन के बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी है।



