खबर

‘मुझे प्रधानमंत्री बनवा दीजिए…’, आजम खान के एक बयान से यूपी की सियासत में मची हलचल

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर से मुस्लिम उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई जा रही है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने प्रधानमंत्री बनने को लेकर ऐसा तंज कसा कि राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि मेरे नाम का ऐलान कर मुझे प्रधानमंत्री बनवा दीजिए। मेरे नाम के आगे सिर्फ ‘वजीर’ लगना बाकी है, क्योंकि आजम तो पहले से ही नाम में मौजूद है।

दरअसल, पिछले कुछ समय से आजम खान को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज है। फरवरी 2020 के बाद से उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। अब आजम खान ने अपने अंदाज में इन तमाम राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है।

प्रधानमंत्री बनाने वाले बयान से किसे दिया जवाब?

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर से मुस्लिम उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई जा रही है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इसी बीच जब आजम खान से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि उनके नाम का ऐलान कर उन्हें प्रधानमंत्री बनवा दिया जाए।

आजम खान के इस बयान को मुस्लिम नेतृत्व और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर चल रही बहस से जोड़कर देखा जा रहा है। उर्दू में प्रधानमंत्री को ‘वजीर-ए-आजम’ कहा जाता है। इसी शब्द का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नाम में अब केवल वजीर जुड़ना बाकी है।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर भी निशाना

आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा गठबंधन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्होंने जानबूझकर इन लोगों को चर्चा में लाने से परहेज किया है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि कोई भी अपने छोटे राजनीतिक फायदे के लिए उन्हें या कमजोर वर्गों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करे।

जेल में रहने के दौर का जिक्र करते हुए आजम खान ने कहा कि उस समय उनकी राजनीतिक मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश की गई। उन्होंने इसके लिए लोमड़ियों के गंगा पार करने का उदाहरण दिया। साथ ही कहा कि उस वक्त गंगा सूखी थी, लेकिन अब उसमें पानी बह रहा है।

बोले- हिंदू-मुस्लिम विवाद से लोग परेशान हो चुके हैं

आजम खान ने देश के मौजूदा सामाजिक माहौल पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोग हिंदू-मुस्लिम विवाद और आपसी टकराव से परेशान हो चुके हैं। राजनीतिक दल भले ही बड़े-बड़े दावे करें, लेकिन जनता के मन की बात को समझना जरूरी है। उनके मुताबिक, अब लोग आपसी संघर्ष के बजाय शांति और बेहतर माहौल चाहते हैं।

ओवैसी के राजनीतिक मकसद पर उठाए सवाल

आजम खान ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोगों का मकसद केवल दो-चार उम्मीदवारों को चुनाव में हराना है। उन्होंने इस गठबंधन को ज्यादा महत्व देने से भी इनकार किया।

उनके इस बयान को यूपी में मुस्लिम वोटों और राजनीतिक नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान के बीच अहम माना जा रहा है। ओवैसी जहां उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं आजम खान का ताजा बयान इस बहस को और तेज कर सकता है।

पहले भी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जता चुके हैं आजम खान

यह पहली बार नहीं है जब आजम खान ने प्रधानमंत्री बनने की बात कही हो। इससे पहले भी वह 2015, 2016 और 2018 में सार्वजनिक मंचों से प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। अब एक बार फिर उन्होंने वजीर-ए-आजम शब्द के जरिए इसी मुद्दे पर चुटकी ली है।

गौरतलब है कि आजम खान इससे पहले यूपी विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने की इच्छा भी जता चुके हैं। ऐसे में उनके ताजा बयान को आने वाले चुनाव से पहले प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और मुस्लिम नेतृत्व की दावेदारी के बीच काफी अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button