उत्तर प्रदेश
Trending

अयोध्या : स्वामीनारायण मंदिर में भगवान को अर्पित हुआ छप्पन भोग, अन्नकूट महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु

Ayodhya Chhappan Bhog presented to deity at Swaminarayan Temple

अयोध्या। दीपावली के पावन पर्व के बाद अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर अयोध्या स्थित स्वामीनारायण मंदिर में भगवान को विधि-विधान और वैदिक परंपराओं के अनुसार भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस दौरान भगवान के समक्ष विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों, मिठाइयों और पकवानों की आकर्षक सजावट की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य अन्नकूट स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

मंदिर के संत ने छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव की धार्मिक महत्ता बताते हुए कहा कि स्वामीनारायण संप्रदाय में यह परंपरा भगवान स्वामीनारायण की शिक्षाओं और वैष्णव परंपरा के अनुरूप सदियों से श्रद्धा एवं भक्ति के साथ निभाई जा रही है। भगवान स्वामीनारायण ने उत्तर प्रदेश के छपैया में प्रकट होकर गुजरात सहित विभिन्न तीर्थस्थलों का भ्रमण किया था। उन्होंने अहमदाबाद के कालूपुर में श्री नर-नारायण देव तथा वडताल में श्री लक्ष्मीनारायण देव की प्रतिष्ठा कर मंदिर परंपरा को विस्तार दिया।

उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट अर्पित करने की परंपरा से इस महोत्सव का विशेष संबंध है। वहीं भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर नगरवासियों द्वारा विभिन्न प्रकार के पकवानों और मिठाइयों से प्रभु का स्वागत करने की परंपरा भी भारतीय धार्मिक संस्कृति में विशेष स्थान रखती है।

उन्होंने कहा कि छप्पन भोग केवल तरह-तरह के व्यंजन भगवान को अर्पित करने का आयोजन नहीं है, बल्कि इसके पीछे भक्तों का समर्पण, श्रद्धा, प्रेम और कृतज्ञता का भाव जुड़ा हुआ है। भक्त अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा करते हैं और साधु-संत भी इस आयोजन में सहभागी बनते हैं। भगवान को अर्पित किया जाने वाला प्रत्येक पकवान भक्तों की आस्था और सेवा भावना का प्रतीक होता है।

संत ने बताया कि स्वामीनारायण संप्रदाय के मंदिरों में भारत के साथ-साथ अमेरिका, अफ्रीका, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित अनेक देशों में प्रतिवर्ष नूतन वर्ष के अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाता है।

इसी परंपरा के अंतर्गत भगवान स्वामीनारायण की प्राकट्य स्थली छपैया, भगवान घनश्याम महाराज की रमण भूमि अयोध्या स्थित स्वामीनारायण मंदिर तथा अहमदाबाद के कालूपुर मंदिर में भी भव्य अन्नकूट की रचना कर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। महोत्सव का वातावरण भक्तिमय बना रहा। जय श्रीराम और जय श्री स्वामीनारायण के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।

यह भी पढ़े : CM फडणवीस ने केंद्र को लिखा पत्र, कहा- ‘मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानें शिफ्ट न हों’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button