उत्तर प्रदेश

बाबा बागेश्वर की रामकथा से पहले कुंडा में भव्य कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

कथा के शुभारंभ से एक दिन पहले सोमवार को क्षेत्र में विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।

Lucknow Desk : जिले के कुंडा क्षेत्र स्थित बेंती के परेड ग्राउंड में 17 नवंबर से शुरू होने वाली बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा के शुभारंभ से एक दिन पहले सोमवार को क्षेत्र में विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।

यह कलश यात्रा कुंडा, बाबागंज, बिहार और कालाकांकर विकासखंडों के साथ ही नगर पंचायत कुंडा, मानिकपुर, डेरवा और हीरागंज बाजार से निकाली जा रही है। अलग-अलग स्थानों से शुरू हुई यात्राओं का अंतिम पड़ाव योगिराज देवरहा बाबा कथा मंडपम, राजभवन बेंती रखा गया है।

सुबह से ही सड़कों पर दिखा श्रद्धालुओं का सैलाब

कलश यात्रा की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई। यात्रा में शामिल होने के लिए सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती चली गई। महिलाओं के सिर पर कलश, हाथों में भगवा ध्वज और डीजे पर गूंजते रामभजनों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के पीछे बड़ी संख्या में वाहन भी चलते दिखाई दिए।

राजा भैया के दोनों बेटे भी बने यात्रा का हिस्सा

कलश यात्रा में कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह के दोनों बेटे भी शामिल हुए। बाबागंज ब्लॉक की ओर से निकली यात्रा की अगुवाई उनके छोटे बेटे कुंवर बृजराज प्रताप सिंह ने कनावां से की। उनके शामिल होने पर समर्थकों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

वहीं, हीरागंज बाजार में मां नायर देवी मंदिर से निकली कलश यात्रा में भी हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। यहां यात्रा का स्वागत बेहद खास अंदाज में किया गया। बुलडोजर से फूल बरसाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

17 नवंबर से शुरू होगी श्रीराम कथा

बेंती में आयोजित होने वाली बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार, 17 नवंबर से कथा का शुभारंभ होगा। इससे पहले निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे कुंडा क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना दिया है। जगह-जगह भगवा झंडे, रामभजन और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पूरा क्षेत्र राममय नजर आ रहा है। अब लोगों को बाबा बागेश्वर की कथा शुरू होने का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button