Swami Avimukteshwaranand Saraswati : श्रावस्ती पहुंचेंगे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, आगमन की तैयारियां पूरी
भिनगा से विभूतिनाथ शिव मंदिर तक कई धार्मिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल.....

Lucknow Desk : श्रावस्ती में 14 जुलाई यानी की कल परम पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी का आगमन होने जा रहा है। उनके स्वागत को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं और विभिन्न धार्मिक संगठनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी पयागपुर से प्रस्थान कर श्रावस्ती जनपद में प्रवेश करेंगे। इस दौरान उनका काफिला मोहनपुर, डॉ. आर.के. हॉस्पिटल और इकौना बाईपास होते हुए भिनगा पहुंचेगा। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालु उनका स्वागत करेंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
डॉ. आर.के. हॉस्पिटल में उनके सम्मान में पादुका पूजन का कार्यक्रम रखा गया है। इसके साथ ही वहां सूक्ष्म जलपान की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों के मुताबिक इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
इसके बाद शंकराचार्य जी भिनगा स्थित काली मंदिर पहुंचेंगे, जहां चल रही धार्मिक कथा में शामिल होंगे। यहां वे श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे और धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। मंदिर परिसर में भी उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के अंतिम चरण में शंकराचार्य जी श्री विभूतिनाथ शिव मंदिर पहुंचेंगे। यहां पूजा-अर्चना के बाद उनका कार्यक्रम संपन्न होगा। पूरे दौरे को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें, ताकि शंकराचार्य जी के स्वागत, दर्शन और धार्मिक कार्यक्रम में व्यवस्थित रूप से शामिल हो सकें। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://globalnews360.com/fire-breaks-out-in-the-car-of-famous-child-storyteller-abhinav-arora/



