Mathura : प्रसिद्ध बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा की कार में लगी आग, परिवार बाल-बाल बचा
चलती कार में अचानक लगी आग, अभिनव अरोड़ा और परिवार ने समय रहते बचाई जान

Lucknow Desk : मथुरा में प्रसिद्ध बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा के साथ एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वृंदावन से दिल्ली जाते समय उनकी चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना यमुना एक्सप्रेस वे पर माइल स्टोन 84 के पास हुई। कार में आग लगने के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, अभिनव अरोड़ा अपने परिवार के साथ कार से वृंदावन से दिल्ली की ओर जा रहे थे। कार को उनके पिता चला रहे थे, जबकि उनकी मां और अभिनव अरोड़ा कार में बैठे हुए थे। जैसे ही कार यमुना एक्सप्रेस वे के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 84 के पास पहुंची, तभी अचानक कार में आग लग गई।
कार में आग की लपटें उठती देख चालक अभिनव के पिता ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। उन्होंने बिना देर किए कार को सड़क किनारे खड़ा किया और सबसे पहले परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते कार से बाहर निकलने की वजह से बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। एक्सप्रेस वे पर मौजूद लोगों ने भी घटना को देखा और मदद के लिए आगे आए। सूचना मिलने के बाद संबंधित टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
इस घटना में अभिनव अरोड़ा और उनके परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस वे पर लोगों की भीड़ जुट गई थी।
पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि किसी तकनीकी खराबी की वजह से कार में आग लगी हो सकती है। हालांकि, सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। अचानक हुए इस हादसे के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। समय पर लिए गए फैसले और सावधानी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।



