महिलाओं के मुद्दे पर सपा पर भाजपा का हमला, राकेश त्रिपाठी बोले : जनता घोषणाओं के बजाय काम देखती है
अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा ने सपा पर साधा निशाना, महिला सुरक्षा और योजनाओं को लेकर लगाए कई आरोप

Lucknow Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सपा पर तीखा पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि पार्टी की ओर से महिलाओं के लिए की जा रही घोषणाएं केवल चुनावी हैं और जमीन पर इनका कोई ठोस असर दिखाई नहीं देता।
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा की लाल टोपी प्रदेश की महिलाओं के लिए खतरे का निशान बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति थी। उनके मुताबिक, मनचलों के डर से कई बच्चियों को स्कूल छोड़ना पड़ता था। उन्होंने सपा के पुराने बयान, “लड़के हैं, लड़कों से गलतियां हो जाती हैं”, का जिक्र करते हुए पार्टी की सोच पर भी सवाल उठाया।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार में महिलाओं के बीच सुरक्षा का एहसास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा पर भी जोर दिया है।
राकेश त्रिपाठी ने सपा की महिला संबंधी घोषणाओं की तुलना कांग्रेस की चुनावी घोषणाओं से करते हुए कहा कि ये कांग्रेस की “खटाखट-फटाफट” राजनीति का विस्तार हैं। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा पर निशाना साधा और कहा कि देश की महिलाएं याद रखेंगी कि सपा ने महिला आरक्षण के रास्ते में बाधा खड़ी की।
उन्होंने दावा किया कि महिलाओं का भरोसा सपा पर नहीं है और आगामी चुनाव में महिला मतदाता भामहिलाओं के मुद्दे पर सपा पर भाजपा का हमलाजपा के साथ खड़ी होंगी। भाजपा ने साफ किया कि चुनावी वादों के बजाय महिलाओं के लिए किए गए वास्तविक काम ही जनता के बीच उसकी प्राथमिकता रहेंगे।



