Gorakhpur : भाजपा को झटका, अस्मिता चंद ने थामा बसपा का दामन
22 साल तक भाजपा में सक्रिय रहीं अस्मिता चंद के बसपा में जाने से चिल्लूपार की सियासत गरम

Lucknow Desk : गोरखपुर के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकीं अस्मिता चंद ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थाम लिया है। उनके इस फैसले ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। खास बात यह है कि अस्मिता चंद के पति सीपी चंद भाजपा से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) हैं।
अस्मिता चंद करीब 22 वर्षों से भाजपा में सक्रिय राजनीति से जुड़ी रही हैं। लंबे समय तक पार्टी में काम करने के बाद उनका अचानक बसपा में शामिल होना कई तरह की राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे रहा है। माना जा रहा है कि उनके इस कदम का असर चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र की राजनीति पर पड़ सकता है।
गुरुवार शाम बड़हलगंज के एक मैरिज हॉल में बसपा की विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई थी। इसी कार्यक्रम के दौरान अस्मिता चंद ने बसपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बसपा सांसद घनश्याम चंद खरवार रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी मदन राय ने की। बैठक में चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे थे।
अस्मिता चंद के बसपा में शामिल होने के बाद चिल्लूपार में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा में लंबे समय तक सक्रिय रहने वाली एक प्रमुख महिला नेता का विपक्षी दल में जाना स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इसका असर क्षेत्र की राजनीति और आगामी चुनावी तैयारियों में किस तरह दिखाई देता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।



