बड़ा हादसा : लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस पलटी, तीन की मौत; 44 यात्री घायल
Bus overturns on Lucknow-Agra Expressway 3 dead 44 passengers injured

लखनऊ। लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 44 यात्री घायल हुए हैं। बस राजस्थान से बिहार के छपरा जा रही थी। पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।
सुबह छह से साढ़े छह बजे के बीच हुआ हादसा
यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट, मोहान के पास पहले टोल प्लाजा के नजदीक हुई। बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। बस में फंसे बच्चों और अन्य यात्रियों को निकालने के लिए बचाव दल ने काफी मशक्कत की। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि हादसा सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच हुआ। तीन यात्रियों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया—दो को लोकबंधु अस्पताल में और एक को केजीएमयू में।
पाठक के अनुसार, 31 घायल लोकबंधु अस्पताल और 13 केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावितों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
यह भी पढ़े : हरियाणा : पानीपत-खटीमा हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी कार; हरिद्वार जा रहे 6 लोगों की मौत



