आज उन्नाव में टैबलेट बांटेंगे सीएम योगी, चार जिलों के 50 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल
CM Yogi distribute tablets Unnao today 50,000 students from 4 districts will participate

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 15 नवंबर को मुफ्त टैबलेट वितरण के नए चरण की शुरुआत कर रही है। लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होने वाले कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे।
वित्त वर्ष 2026–27 में प्रदेशभर के युवाओं को 25 लाख टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती कार्यक्रम के बाद पात्र युवाओं को अन्य जिलों में चरणबद्ध तरीके से टैबलेट दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर युवाओं के नाम संदेश साझा किया।
‘युवाओं को चाहिए अवसर और आधुनिक संसाधन’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि आज का युवा प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ना चाहता है और उसे अवसरों के साथ आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। उन्होंने पिछली सरकारों पर युवाओं के भविष्य की चिंता न करने और उन्हें जाति, क्षेत्र तथा परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखने का आरोप लगाया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘डिजिटल इंडिया’ की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नए चरण का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी को युवाओं की प्रतिभा और प्रगति के रास्ते में बाधा बनने से रोकना है।
किन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ?
इस योजना के तहत उच्च शिक्षा, तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे पात्र युवाओं को शामिल किया जाएगा। इनमें स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों के साथ तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, आईटीआई, मेडिकल, नर्सिंग, फार्मेसी और कौशल विकास पाठ्यक्रमों से जुड़े विद्यार्थी भी शामिल हैं। पात्रता संबंधित सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार तय होगी।
सरकारी सूचना के मुताबिक, लखनऊ के कार्यक्रम के बाद योजना के लक्ष्य के तहत अन्य जिलों में भी वितरण किया जाएगा।
यह भी पढ़े : 50-60 सीटें में मान जाए कांग्रेस, सपा सांसद ने 181 सीटों की मांग पर दिया बड़ा बयान



