‘मैं खुद क्रिमिनल था और अब केले बेच रहा हूं’, सुनकर हंस पड़े सीएम योगी
एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर छाया है जिसमें स्टेज पर वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नजर आ रहे हैं। हर्ष गुजराल की बातें सुनकर योगी आदित्यनाथ भी ठहाके लगाकर हंस पड़े।

Lucknow Desk : सोशल मीडिया पर कॉमेडियन हर्ष गुजराल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में हर्ष गुजराल अपनी कॉमेडी से सीएम योगी आदित्यनाथ को भी हंसाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, हर्ष ने अपनी पिछली लखनऊ यात्रा का एक मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े। अपना अनुभव साझा करते हुए हर्ष गुजराल ने कहा, “मैं पिछली बार लखनऊ में शो करने आया था। उस दौरान मैं घूम रहा था, तभी मैंने एक केले वाले से पूछ लिया कि भाई, यहां क्राइम का क्या सीन है?”
इसके बाद हर्ष ने दुकानदार के जवाब को याद करते हुए कहा, “भाई, क्राइम बिल्कुल खत्म है।” जब हर्ष ने उससे पूछा कि उसे यह बात कैसे पता, तो दुकानदार ने जवाब दिया, “भैया, मैं खुद अपराधी था। अब केले बेच रहा हूं।” हर्ष गुजराल के इस मजेदार किस्से ने लोगों को खूब हंसाया। हर्ष गुजराल ने कहा कि कॉमेडियन का काम लोगों को हंसाना और उनका तनाव दूर करना होता है। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम के दबाव का जिक्र करते हुए उनसे कॉमेडी देखने के बारे में पूछा। वीडियो में हर्ष कहते नजर आते हैं, “आपके ऊपर सर, पूरे उत्तर प्रदेश का स्ट्रेस है। मैं ये जानना चाहता हूं कि आप कॉमेडी देखते हैं या नहीं?”हर्ष की यह बात सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हां में सिर हिलाया और हंस पड़े।
हर्ष गुजराल अपने मजेदार जोक्स, पंचलाइन और दर्शकों से बातचीत करने के अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वे अक्सर अपने कॉमेडी वीडियो और टीवी पर नजर आने के कारण चर्चा में रहते हैं। हालांकि, कई बार उनके जोक्स को लेकर विवाद भी हो चुका है। अक्टूबर 2026 में ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के फिनाले के दौरान अभिनेता गौरव खन्ना की निजी जिंदगी पर मजाक करने को लेकर हर्ष की काफी आलोचना हुई थी। हाल ही में महाराष्ट्र साइबर सेल ने हर्ष गुजराल और कॉमेडियन मधुर विरली को समन भेजा था। आरोप है कि उन्होंने अपने कॉमेडी शो में अश्लील जोक्स सुनाए थे। फिलहाल, इस मामले की जांच चल रही है। समन मिलने का मतलब यह नहीं है कि आरोप साबित हो गए हैं।



