CM योगी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले : पहले पैसे देकर मिलती थी सरकारी नौकरी
CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में सिंडिकेट वसूली किया करता था। उस समय परीक्षा कोई और देता था और नौकरी कोई और करता था। तब पैसे देकर नौकरी मिला करती थी। हमारी सरकार में नौकरियां लगातार दी जा रही हैं।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उन्होंने पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा शासन में सरकारी नौकरियों के लिए पैसे देने पड़ते थे और भर्ती आयोगों पर कुछ लोगों का दबदबा रहता था।
मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग में चयनित 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में युवाओं को बिना किसी भेदभाव और सिफारिश के नौकरी मिल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश में नियुक्ति पत्र बांटे जाते हैं, तब सैफई सिंडिकेट के लोग सोते रहते हैं।
शिवपाल यादव का नाम लेकर अखिलेश पर कसा तंज
सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी को नियुक्तियों की संख्या गिनने में परेशानी होती है तो शिवपाल यादव को अपने साथ रख लेना चाहिए। वह जीवनभर गिनती ही करते रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
त्योहारों पर प्रदूषण के मुद्दे पर भी बोले योगी
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान आतिशबाजी से होने वाले प्रदूषण पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार आते ही कुछ लोगों को प्रदूषण की चिंता सताने लगती है। उन्होंने अयोध्या में हुई दीपावली की आतिशबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि खुशी के मौके पर पटाखे चलाने को लेकर सवाल उठाए जाते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार से व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों पर कोई कुछ नहीं बोलता।
दंगों और कर्फ्यू को लेकर सपा सरकार पर हमला
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान भी लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। छोटी-छोटी घटनाओं के बाद दंगे और कर्फ्यू की स्थिति बन जाती थी। उनके मुताबिक, सपा सरकार के चार कार्यकाल में प्रदेश में करीब 1500 दंगे हुए और कई जगह लंबे समय तक कर्फ्यू लगा रहा।
उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के कारण बाजार बंद रहते थे और व्यापारियों का सामान खराब हो जाता था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ साल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। आज उत्तर प्रदेश में ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ की स्थिति है और युवाओं को लगातार सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।



