11 फरवरी को अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट का सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे सीएम योगी
CM Yogi will attend mass wedding ceremony Annapurna Annakshetra Trust on 11 February

वाराणसी। श्रीकाशी अन्नपूर्णा मठ-मंदिर के महंत स्वामी शंकर पुरी महाराज ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को 11 फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह एवं यज्ञोपवीत समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में आने की सहमति दी और आयोजन को भव्यता के साथ संपन्न कराने को कहा। श्रीकाशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट की ओर से यह कार्यक्रम शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम में आयोजित किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान महंत शंकर पुरी महाराज ने मुख्यमंत्री को अन्नकूट का प्रसाद और मां अन्नपूर्णेश्वरी तथा भगवान विश्वनाथ की लकड़ी की प्रतिकृति भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिह्न के तौर पर भगवान रामलला की स्फटिक प्रतिमा दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अन्नपूर्णा मठ के विभिन्न सेवा प्रकल्पों- अन्नक्षेत्र, संस्कृत विद्यालय, आरोग्यशाला, वृद्धाश्रम और प्रशिक्षण केंद्र की जानकारी ली। उन्होंने इनके संचालन की स्थिति के बारे में पूछा और सेवा कार्यों का निरंतर विस्तार करने का आग्रह किया। साथ ही, प्रकल्पों के संचालन और विस्तार में हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस मुलाकात के दौरान शिवानंद गिरि, धीरेंद्र सिंह और प्रदीप श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : PM मोदी मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे, पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया



