कुर्सियां तोड़ी... बवाल काटा! खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में गुंडागर्दी, कलाकार को देखने के लिए मची भगदड़
Hooliganism at Khesari Lal Yadav event stampede

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। नाराज दर्शकों ने वहां रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। हालात बिगड़ने पर आयोजकों को कुछ समय के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा।
यह कार्यक्रम इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सेखली गांव में एक तिलक समारोह के अवसर पर आयोजित किया गया था। खेसारी लाल यादव को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था। अपने पसंदीदा कलाकार को देखने और उनका कार्यक्रम सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ बढ़ने के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया।
भीड़ बढ़ने से बिगड़े हालात
आयोजन स्थल पर जुटी भीड़ के अनुपात में सुरक्षा और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते स्थिति अनियंत्रित हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। अफरा-तफरी के बाद दर्शकों में नाराजगी फैल गई और कुछ लोगों ने कुर्सियां तोड़ दीं।
स्थिति को काबू में करने और कार्यक्रम दोबारा शुरू करने के लिए आयोजकों तथा सुरक्षाकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। कार्यक्रम को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। स्थानीय स्तर पर प्रशासन को आयोजन की सूचना दी गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को संभालने में पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को कठिनाई हुई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस्लामपुर थानाध्यक्ष के मुताबिक, कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। हालांकि, उम्मीद से अधिक भीड़ जुटने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बनी और कुर्सियां तोड़ी गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े : PM मोदी मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे, पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया



