AI से मेल लिखवाना पड़ा भारी, HR ने खोली पोल
छुट्टी मांगने के लिए ChatGPT से लिखवाया ईमेल, कॉपी-पेस्ट की एक गलती से खुल गई पोल; सोशल मीडिया पर लोग ले रहे मजे

Lucknow Desk: एक कहावत तो आपने सुनी ही होगी कि नकल करने के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है। आज के समय में यह कहावत बिल्कुल सही साबित हो रही है। जब भी हमें किसी सवाल का जवाब नहीं मिलता या कोई काम आसान तरीके से करना होता है, तो हम AI या ChatGPT की मदद लेते हैं। लेकिन कभी-कभी बिना सोचे-समझे AI से मिली जानकारी को कॉपी-पेस्ट करना भारी पड़ सकता है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, एक व्यक्ति को ऑफिस से छुट्टी चाहिए थी, लेकिन उसे लीव नहीं मिल रही थी। इसके बाद उसने बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी मांगने का रास्ता चुना। यही फैसला उसके लिए मुसीबत बन गया।
इन दिनों सोशल मीडिया पर Commentary Xavier नाम के अकाउंट से की गई एक पोस्ट की चर्चा हो रही है। इस पोस्ट में एक व्यक्ति के छुट्टी मांगने के लिए AI से ईमेल लिखवाने का मामला सामने आया है।
यहां बात सिर्फ इतनी नहीं है कि उस व्यक्ति ने ईमेल लिखने के लिए AI का इस्तेमाल किया। आजकल बहुत से लोग अपना काम आसान बनाने और जानकारी हासिल करने के लिए ChatGPT की मदद लेते हैं। इस व्यक्ति ने भी ऐसा ही किया। उसने ChatGPT से कहा कि वह बीमार है और उसे अपने HR को छुट्टी के लिए मेल लिखना है।
AI ने उसके लिए ईमेल तैयार कर दिया। लेकिन उस व्यक्ति ने मेल भेजने से पहले उसे दोबारा पढ़ना जरूरी नहीं समझा। उसने पूरा ईमेल कॉपी करके HR को भेज दिया। यहीं उससे सबसे बड़ी गलती हो गई।
ईमेल में छुट्टी मांगने की बात तो ठीक थी, लेकिन उसके नीचे एक ऐसी लाइन भी थी, जिसने पूरा मामला पलट दिया। मेल में लिखा था, ‘क्या आप सच में बीमार हैं? तो क्या मैं कुछ और भी लिख दूं?’ यह लाइन AI की तरफ से दिया गया जवाब था, जिसे उस व्यक्ति ने गलती से कॉपी करके मेल में शामिल कर लिया।
इस तरह छुट्टी मांगने के लिए लिखा गया ईमेल ही उसकी पोल खोलने के लिए काफी साबित हुआ।
सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक
इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोग इसे उस व्यक्ति की गलती बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि वह पूरी तरह ChatGPT पर निर्भर हो गया था।
वहीं, कुछ यूजर्स ने मजाक में लिखा कि यह मेडिकल लीव की अर्जी नहीं, बल्कि नौकरी छोड़ने की एप्लीकेशन लग रही है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि जब नकल कर ही रहे थे, तो थोड़ा दिमाग भी लगा लेते।
इस घटना से एक बात तो साफ है कि AI का इस्तेमाल करना गलत नहीं है, लेकिन उससे मिले जवाब को बिना पढ़े कॉपी-पेस्ट करना परेशानी में डाल सकता है। इसलिए अगली बार AI से कोई ईमेल या जरूरी मैसेज लिखवाएं, तो उसे भेजने से पहले एक बार जरूर पढ़ लें। आखिर नकल तो कीजिए, लेकिन थोड़ी अक्ल के साथ!



