उत्तराखण्ड

चमोली की THDC टनल में मलबा-पानी घुसने से हड़कंप, CM धामी ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू के दिए निर्देश

टनल में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, NDRF और SDRF की टीमें मौके के लिए रवाना

Lucknow Desk : उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा और पानी आने की घटना से हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए टनल में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए भेजा गया है। जिला प्रशासन के साथ ही संबंधित विभागों और बचाव एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से टनल के भीतर की स्थिति का आकलन करते हुए राहत और बचाव अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। मलबा और पानी आने के कारण अभियान में चुनौतियां सामने आ सकती हैं, ऐसे में बचाव दलों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों से लगातार संपर्क में CM धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बचाव कार्य के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

सकुशल वापसी के लिए सरकार की नजर

पुष्कर सिंह धामी ने टनल में मौजूद सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। अब सभी की नजर राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति पर है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अभियान में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर पूरा फोकस रखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button