उत्तर प्रदेश

Unnao : जिला पंचायत अध्यक्ष ने दर्ज कराया धोखाधड़ी का केस

उन्नाव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत 5 पर दोबारा बैनामा कर जमीन कब्जाने का आरोप

Lucknow Desk : उन्नाव की जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पहले से बिक चुकी जमीन का दोबारा बैनामा कराकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया गया। मामले में कोतवाली सदर पुलिस ने मंगलवार रात केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शकुन सिंह के मुताबिक, उनके दिवंगत पति अजीत सिंह ने 11 अप्रैल 2000 को मोहल्ला आदर्श नगर स्थित गाटा संख्या 3484, रकबा 0.7590 हेक्टेयर में आधे हिस्से की जमीन शीतला प्रसाद सिंह से बैनामे के जरिए अन्य खरीदारों के साथ खरीदी थी। उस समय विक्रेता की ओर से छगन लाल को विधिवत मुख्तारआम प्राप्त था, जिसके आधार पर बैनामा निष्पादित किया गया था।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में पति के निधन के बाद काफी समय बाद उन्हें इस संपत्ति की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने जमीन का दाखिल-खारिज अपने नाम करा लिया। तहरीर के अनुसार, इसके बावजूद वर्ष 2012 में छगन लाल ने उसी जमीन का दोबारा बैनामा पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह और उनकी पत्नी रमा सिंह के नाम कर दिया। आरोप है कि छगन लाल को पहले से पता था कि जमीन वर्ष 2000 में बेची जा चुकी है और उसका पूरा भुगतान भी मिल चुका है, फिर भी तथ्यों को छिपाकर दोबारा बैनामा किया गया।

शिकायत में कहा गया है कि दूसरे बैनामे के खरीदार अशोक सिंह, रमा सिंह तथा गवाह सुरेश कुमार और राजेंद्र तिवारी को भी पहले से जानकारी थी कि जमीन बिक चुकी है। इसके बावजूद सभी ने कथित रूप से आपसी साजिश कर दोबारा बैनामा कराया और जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया।शकुन सिंह ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई करने और उन्हें जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की है। कोतवाली सदर पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले से जुड़े अभिलेखों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button