
Donald Trump China Visit : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप बुधवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में भाग लेने चीन पहुंचे। दक्षिणी चीन के शेन्जेन हवाई अड्डे पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने उनका स्वागत किया।
डोनाल्ड ट्रंप की शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। ट्रंप ने कहा है कि वह परमाणु हथियारों को सीमित करने और यूक्रेन युद्ध खत्म करने के तरीकों पर चर्चा करना चाहते हैं। हालांकि, उनके सहयोगियों ने पहले पत्रकारों से कहा था कि त्रिपक्षीय बैठक के एजेंडे में यूक्रेन संघर्ष शामिल नहीं होगा।
ट्रंप को यूक्रेन युद्ध पर समझौते की उम्मीद
मंगलवार को ट्रंप ने कहा कि हर महीने हजारों रूसी सैनिकों की मौत से संघर्ष को सुलझाने का अवसर पैदा हुआ है। उन्होंने किसी समझौते की संभावना पर उम्मीद जताते हुए कहा, “मुझे लगता है कि हम इसे पूरा करने के बहुत करीब हैं। हमारी इस पर एक अच्छी बैठक होने वाली है।” ट्रंप ने पुतिन के साथ अलग से निजी बैठक और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से मुलाकात की संभावना भी जताई। हालांकि, इनमें से किसी बैठक की पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को कहा कि ट्रंप उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करने के लिए किम से मिलने को तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरुवार के लिए दोनों नेताओं की कोई बैठक तय नहीं है। रुबियो ने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा हूं कि बुधवार को कोई बैठक होगी। मैं बस इतना कह रहा हूं कि राष्ट्रपति मिलने और चर्चा करने के लिए तैयार हैं, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल के दौरान किया था।”
फिलीपींस के साथ नए व्यापार समझौते की घोषणा
मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन और क्वाड नेताओं की बैठक में भाग लेने के बाद ट्रंप चीन पहुंचे। फिलीपींस से रवाना होने से कुछ समय पहले उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर दोनों देशों के बीच नए व्यापार समझौते की घोषणा की।
डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा कि फिलीपींस में व्यापार, राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य विषयों पर अच्छी बातचीत हुई और दोनों देशों ने “एक नया और बिल्कुल अलग व्यापार समझौता” किया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे खास तौर पर किसानों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े लोगों को फायदा होगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की तारीफ करते हुए उन्हें प्रभावशाली, ईमानदार और सुलझा हुआ नेता बताया। उन्होंने कहा कि मार्कोस, उनकी पत्नी और बेटे के साथ समय बिताना उनके लिए सम्मान की बात थी।
यह भी पढ़े : ‘राहुल गांधी को भी समझा दो’, जावेद अख्तर के श्रीराम पर दिए बयान पर प्रमोद कृष्णम का आया जवाब



