UPITS 2026 से पहले ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान, प्रशासन ने कसी कमर
25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट में जुटेंगे देश-विदेश के कारोबारी; सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों की हुई समीक्षा

Lucknow Desk : इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों और प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा से लेकर यातायात और मूलभूत सुविधाओं तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गुरुवार को एक्सपो मार्ट पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बाकी काम निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट पर विशेष फोकस
स्थलीय निरीक्षण के बाद एक्सपो मार्ट के सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहे। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने और निर्धारित रूट पर यातायात को सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की भी समीक्षा
आयोजन में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पार्किंग स्थलों और आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से कराई जाए और किसी भी प्रमुख मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा न होने पाए।
बिजली, स्वास्थ्य और अग्निशमन व्यवस्था पर भी नजर
बैठक में अग्निशमन विभाग को सभी उपकरणों की जांच और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आयोजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक बैकअप व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने आयोजन को देखते हुए अंतिम चरण में व्यवस्थाओं का दोबारा निरीक्षण करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया समेत प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



