Mirzapur : नेशनल हाईवे-19 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई स्विफ्ट डिजायर
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, एक अन्य घायल का इलाज जारी।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कछवां थाना क्षेत्र के कटका स्थित सरदार ढाबा के सामने तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए कार को गैस कटर से काटना पड़ा।
हादसे में कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कछवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में 30 वर्षीय प्रगति अग्रवाल और 55 वर्षीय प्रभात अग्रवाल की जान चली गई। वहीं कार चालक शिवम अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहां मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट डिजायर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक राहत अभियान चलाने के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने माहौल को देखते हुए यातायात को सही ढंग से शुरू कराया। साथ ही साथ जहां घटना हुई वहां से गाड़ियों को हटवाया।
कछवां पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टक्कर की वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर दुख जताया है और हाईवे पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे चल के ऐसी कोई अनहोनी न हो । ऐसे घटनाओं पर रोक लगे।
ये भी पढ़ें : https://globalnews360.com/mother-and-newborn-die-during-delivery-at-illegal-clinic/



