उत्तर प्रदेश

Sonbhadra : अवैध क्लिनिक में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात की मौत, स्वास्थ्य विभाग पर फिर उठे सवाल

झोलाछाप संचालन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल, परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल में किया हंगामा।

Lucknow Desk : जिले में एक बार फिर अवैध क्लिनिक में इलाज के दौरान लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। रॉबर्ट्सगंज की इमरती कॉलोनी स्थित सिंह हेल्थ केयर में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद एक कथित दलाल उन्हें इस क्लिनिक तक लेकर गया, जहां इलाज के नाम पर गंभीर लापरवाही बरती गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लिनिक को सील कर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतका के पति के अनुसार, गुरुवार को वह अपनी पत्नी को प्रसव के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान एक कथित दलाल ने उन्हें इमरती कॉलोनी स्थित सिंह हेल्थ केयर ले जाने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि वहां सुरक्षित प्रसव कराया जाएगा।

परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक पहुंचने पर खून की कमी बताकर उनसे बाहर से रक्त मंगवाया गया। इसके बाद पहले सामान्य प्रसव का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोप है कि बाद में ऑपरेशन किया गया, जिसके दौरान नवजात की मौत हो गई। वहीं प्रसूता की हालत भी लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों का दावा है कि जब महिला की हालत बेहद गंभीर हो गई तो क्लिनिक प्रबंधन ने उसे लाइफ सपोर्ट के सहारे वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि उनका आरोप है कि महिला की मौत क्लिनिक में ही हो चुकी थी। वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी गुलाब शंकर ने बताया कि संबंधित क्लिनिक के अवैध रूप से संचालित होने की जानकारी विभाग को पहले से थी। उन्होंने बताया कि क्लिनिक से जुड़ा आवेदन विभाग के स्तर पर विचाराधीन था, लेकिन इस बीच यह घटना हो गई। फिलहाल क्लिनिक को सील कर दिया गया है और एफआईआर दर्ज कराने की काम चल रहा है।

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो गया है। जिला मुख्यालय से चंद दूरी पर एक अवैध क्लिनिक आखिर किसके संरक्षण में संचालित हो रहा था? जिले में पहले भी अवैध अस्पतालों और क्लिनिकों में इलाज के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन हर बार कार्रवाई किसी बड़े हादसे के बाद ही होती है। ऐसे में सवाल उठना लाज़िमी है कि स्वास्थ्य विभाग अवैध अस्पतालों और क्लिनिकों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर पाता।नेशनल हाईवे-19 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई स्विफ्ट डिजायर, महिला समेत दो की मौत

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कछवां थाना क्षेत्र के कटका स्थित सरदार ढाबा के सामने तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए कार को गैस कटर से काटना पड़ा।

हादसे में कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कछवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में 30 वर्षीय प्रगति अग्रवाल और 55 वर्षीय प्रभात अग्रवाल की जान चली गई। वहीं कार चालक शिवम अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहां मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट डिजायर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक राहत अभियान चलाने के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक को सुचारु कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया।

कछवां पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टक्कर की वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर दुख जताया है और हाईवे पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें : https://globalnews360.com/minister-jps-rathore-attacks-akhilesh-yadav-in-bal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button