रील बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, युवक की संदिग्ध हालात में मौत
लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र का मामला, पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोटों की पुष्टि

Lucknow Desk : लखीमपुर खीरी में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, भीरा थाना क्षेत्र के पल्हनापुर गांव निवासी पंकज कुमार का शुक्रवार देर शाम अपनी पत्नी रोशनी से विवाद हुआ था। आसपास के लोगों के अनुसार, दोनों के बीच रील बनाने को लेकर पहले भी कहासुनी होती थी। शुक्रवार को इसी बात को लेकर एक बार फिर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि विवाद के दौरान पंकज ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद रोशनी ने अपने मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद उसके मायके पक्ष से भाई और कुछ अन्य लोग गांव पहुंचे।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मायके से आए लोगों ने पंकज के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शनिवार देर शाम सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पंकज के सिर पर दो चोटें मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने को मौत की वजह बताया गया है।
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



