सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर भारतीय नागरिकों पर हमला, दो की मौत व दो घायल
Indian nationals attacked at Dammam Airport Saudi Arabia two dead

नई दिल्ली। सऊदी अरब के दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार शाम हुए हमले में मारे गए दो लोगों में एक भारतीय नागरिक शामिल है। हमले में दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सऊदी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।
दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। उसने मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना जताई तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
हमले में आठ लोग घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार, हमले में जान गंवाने वालों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय निवासी शामिल हैं। कुल आठ लोग घायल हुए हैं: एक सऊदी नागरिक, दो भारतीय, दो यमनी, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली नागरिक।
अथॉरिटी ने बताया कि घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। नुकसान का आकलन करने और यात्रियों तथा हवाई अड्डे के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियां काम कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद हवाई अड्डे का संचालन फिर शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य है। घटना की जांच और नुकसान का आकलन जारी है।
इस बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने फारस की खाड़ी में बड़े पैमाने पर अमेरिकी कर्मियों को वापस बुलाए जाने की खबरों का खंडन किया। विभाग के मुताबिक, गैर-आपातकालीन कर्मचारियों और उनके परिवारों की वापसी का आदेश केवल सऊदी अरब स्थित अमेरिकी राजनयिक केंद्रों पर लागू है।



