BSP के पूर्व प्रत्याशी धर्म सिंह गौतम का बड़ा आरोप, आकाश आनंद को हटाने को लेकर खोला राज
धर्म सिंह ने पार्टी पर टिकट में पैसे लेने के आरोप का दावा किया, कहा : आकाश आनंद बदलना चाहते थे BSP की छवि

Lucknow Desk : बहुजन समाज पार्टी (BSP) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। मऊ जिले की मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा सीट से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी धर्म सिंह गौतम ने BSP और पार्टी नेतृत्व को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आकाश आनंद को पार्टी से हटाए जाने के पीछे कई वजहों का दावा किया है।
धर्म सिंह गौतम ने कहा कि आकाश आनंद पार्टी की खराब होती छवि को बदलना चाहते थे। उनके मुताबिक, BSP पर लंबे समय से पैसे लेकर टिकट देने जैसे आरोप लगाए जाते रहे हैं। आकाश आनंद इन आरोपों को खत्म कर पार्टी की छवि सुधारने की कोशिश कर रहे थे।
गौतम का आरोप है कि आकाश आनंद जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद युवाओं और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाने की कोशिश कर रहे थे। धर्म सिंह के मुताबिक, शायद यही वजह रही कि पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर विवाद बढ़ा और बाद में उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया।
पूर्व प्रत्याशी ने पार्टी नेतृत्व के आसपास मौजूद लोगों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश आनंद की ओर से पार्टी में बदलाव और छवि सुधारने की कोशिश कुछ लोगों को पसंद नहीं आई। हालांकि, इन आरोपों पर BSP की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
धर्म सिंह गौतम ने कहा कि BSP अब संस्थापक कांशीराम के बताए सिद्धांतों से दूर होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि अगर पार्टी अपने पुराने विचारों और सिद्धांतों पर मजबूती से चलती तो आज उनके समाज का प्रधानमंत्री बनने की स्थिति बन सकती थी।
इन आरोपों के बीच धर्म सिंह गौतम ने BSP से इस्तीफा देने का भी ऐलान किया है। उनके बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में BSP की अंदरूनी स्थिति और पार्टी नेतृत्व को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।



