उत्तर प्रदेश

मस्जिदों को अवैध बताकर ध्वस्त करने के अभियान पर मायावती ने सरकार को घेरा

मायावती बोलीं : यूपी में धार्मिक स्थलों के खिलाफ कार्रवाई तुरंत रोकी जाए, कानून के मुताबिक हो काम

Lucknow Desk : बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश में मस्जिदों को अवैध बताकर उन्हें ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल के खिलाफ कार्रवाई कानून और नियमों के तहत ही होनी चाहिए। मस्जिदों को अवैध बताकर गिराने का अभियान ठीक नहीं है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।

मायावती ने सहारनपुर की मस्जिद का भी जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में धार्मिक स्थलों को लेकर जिस तरह की कार्रवाई की जा रही है, उससे लोगों में चिंता और बेचैनी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी सेक्युलर सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी धर्मों और उनके धार्मिक स्थलों का सम्मान करे और सभी के साथ समान व्यवहार करे।

उन्होंने कहा कि इस्लाम में मस्जिदें इबादत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना जनहित में जरूरी है। मायावती ने सरकार से अपील की कि ऐसे मामलों में जल्दबाजी के बजाय कानून और न्यायिक प्रक्रिया का पालन किया जाए।

मायावती ने आरोपियों के मकान तोड़े जाने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप या मुकदमा होने की स्थिति में उसके पूरे परिवार को बेघर करना उचित नहीं है। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई से आम लोगों में डर और असमंजस का माहौल पैदा हो रहा है।

BSP सुप्रीमो ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार के दौरान जिस तरह कानून के तहत कानून का राज कायम रखने पर जोर दिया गया, उसी तरह मौजूदा सरकार को भी संविधान और कानून के मुताबिक काम करना चाहिए। उन्होंने न्यायपालिका से भी ऐसे मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button