‘धोखे से भी मुख्यमंत्री नहीं बन पाओगे अखिलेश जी’ BJP विधायक ब्रजभूषण राजपूत का नया वीडियो वायरल
बीज गोदाम विवाद के बाद फिर चर्चा में चरखारी विधायक, यादव समाज को लेकर बयान पर सियासी घमासान, सरकारी चने के बीज की 100 बोरियों के मामले में दो कर्मचारी निलंबित

Lucknow Desk : महोबा में चरखारी के भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत को लेकर एक नया मामला चर्चा में आ गया है। सरकारी बीज गोदाम में हुए विवाद के बाद अब उनका एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर तीखी टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और विधायक के बयान को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में विधायक यादव समाज को लेकर जारी विरोध पर अपनी बात रखते हुए कहते हैं कि धमकियां देना बंद किया जाए। वह लोधी, कश्यप और निषाद समाज का जिक्र करते हुए कहते हैं कि इन समुदायों के साथ उनके सामाजिक संबंध हैं। इसी दौरान वह अखिलेश यादव को लेकर भी टिप्पणी करते हैं कि वह दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
बीज गोदाम में कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
पूरा विवाद सरकारी बीज गोदाम से चने के बीज की बोरियां बाहर ले जाने के मामले से शुरू हुआ। जानकारी के मुताबिक, किसानों की शिकायत पर विधायक गोदाम पहुंचे थे। वहां करीब 100 बोरी चने के बीज को लोडर में ले जाते हुए देखे जाने का दावा किया गया। इसी दौरान गोदाम प्रभारी के साथ विधायक की कहासुनी हुई और उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया।
समाजवादी पार्टी और यादव महासभा ने इस घटना पर विरोध जताते हुए विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा की ओर से इसे यादव समाज के अपमान से जोड़कर देखा गया, जबकि विधायक ने अपनी कार्रवाई को किसानों के हित और कथित गड़बड़ी के खिलाफ कदम बताया।
दो कर्मचारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
बीज के मामले में कृषि विभाग ने भी कार्रवाई की है। कृषि उप निदेशक रामसजीवन के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी प्रकाश चंद्र विश्वकर्मा ने चरखारी थाने में गोदाम प्रभारी सोने सिंह और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राधेश्याम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों कर्मचारियों को निलंबित भी किया जा चुका है।
आरोप है कि सरकारी बीज भंडार से चने की करीब 100 बोरियां लोडर में भरकर दूसरी जगह ले जाई जा रही थीं। मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम ने महोबा से लेकर बुंदेलखंड तक राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। अब विधायक के नए वीडियो और उनके बयान को लेकर अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।



