नहीं कटेगी बिजली, त्यौहारों को लेकर योगी सरकार तैयार
त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए UPPCL अलर्ट, अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी के निर्देश।

Lucknow Desk : जैसे ही अक्टूबर का महीना शुरू होता है, वैसे ही त्योहारों की रौनक चारों तरफ देखने को मिलने लगती है। दशहरा, धनतेरस, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों की तैयारियाँ शुरू हो जाती हैं। हर तरफ रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और सजावट से घर, दुकानें और बाजार जगमगाने लगते हैं। लेकिन अगर इन त्योहारों के बीच बिजली गायब हो जाए, तो सारी रौनक फीकी पड़ जाती है। रोशनी सिर्फ अंधेरे को दूर नहीं करती, बल्कि त्योहारों की खुशियों और उत्साह को भी बढ़ाती है। इसलिए त्योहारों के इस मौसम में बिजली का होना बेहद जरूरी है, क्योंकि रोशनी के बिना त्योहारों की चमक और खुशियों का एहसास अधूरा-सा लगता है। इसी को देखते हुए योगी सरकार ने तैयारियां शुरु कर दी है। वहीं, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच व मरम्मत के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।
बता दे कि योगी सरकार पूरी तैयारी में लगी है। ताकि इस बार त्यौहार बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाएं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी जनपदों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बिजली विभाग के अधिकारियों को दिन और रात दोनों समय आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी इलाके में बिजली बाधित होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक तय समय-सारिणी के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
त्योहारों के दौरान बिजली संबंधी हादसों को रोकने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रामलीला स्थलों, दशहरा मेलों, शोभायात्राओं और विसर्जन मार्गों पर बिजली के ढीले तारों, झुके हुए खंभों तथा अन्य संभावित खतरों की पहचान कर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए घेराबंदी और विद्युत उपकरणों का निर्धारित मानकों के अनुसार रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षित बिजली आपूर्ति बनी रहे।



