गोकशी की सूचना पर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक आरोपी घायल होकर गिरफ्तार
पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से आरोपी घायल, मौके से गिरफ्तारी

Lucknow Desk : आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में करीब एक दर्जन मुकदमों में वांछित आरोपी विशाल यादव घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गंभीरपुर थाना पुलिस को क्षेत्र में गोकशी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां पुलिस का सामना बदमाशों से हो गया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें किशनपुर काशीनाथ निवासी करीब 25 वर्षीय विशाल यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई।
गोली लगने के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विशाल यादव के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।



