आजमगढ़ में अखिलेश यादव के दौरे पर सपा में नाराजगी, स्टार प्रचारक विजय लाल यादव को भी नहीं मिली एंट्री
एयरपोर्ट के बाहर घंटों इंतजार करते रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता, पार्टी के जिला नेतृत्व पर उठे सवाल, महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव ने भी जताई नाराजगी।

Lucknow Desk : शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आजमगढ़ का दौरे पर थे। इस दौरान एयरपोर्ट पर अंदर आने को लेकर पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। अखिलेश यादव को यहां से बलिया जाना था। इस दौरान एयरपोर्ट पर चुनिंदा विधायकों, सांसदों और अन्य लोगों को ही उनसे मिलने की अनुमति मिली। कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाहर ही इंतजार करना पड़ा।
सबसे अधिक चर्चा बिरहा कलाकार और सपा के स्टार प्रचारक विजय लाल यादव को लेकर हुई। वह करीब डेढ़ घंटे तक एयरपोर्ट के गेट पर खड़े रहे और पार्टी के पदाधिकारियों को फोन करके अंदर जाने की कोशिश करते रहे। हालांकि, उन्हें मुलाकात का मौका नहीं मिला। काफी देर इंतजार करने के बाद उन्हें वापस गाजीपुर लौटना पड़ा।
स्टार प्रचारक को नहीं मिली मुलाकात की अनुमति
विजय लाल यादव भाजपा के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के भाई हैं। वह बिरहा गायन के जरिए समाजवादी पार्टी के प्रचार में सक्रिय रहे हैं। पार्टी के लिए गाए गए उनके गीत भी काफी चर्चित हुए हैं और सपा के कई कार्यक्रमों में इन्हें बजाया जाता है। ऐसे में उनके एयरपोर्ट के बाहर रह जाने की घटना को लेकर पार्टी के भीतर सवाल उठने लगे हैं।
प्रदर्शन और नाराजगी जताने वाले पदाधिकारियों का कहना है कि कई वरिष्ठ नेताओं को प्रवेश नहीं मिला, जबकि कुछ ऐसे लोग भी अंदर पहुंच गए, जिनके पास संगठन में कोई प्रमुख पद नहीं है। इस व्यवस्था को लेकर कार्यकर्ताओं ने जिला नेतृत्व पर सवाल उठाए।
जिला नेतृत्व पर लगाए मनमानी के आरोप
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजेश गिरी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई वरिष्ठ नेताओं को एयरपोर्ट के अंदर जाने से रोक दिया गया। उनके मुताबिक, इन नेताओं ने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया है और अपने-अपने समाज में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले का नेतृत्व कुछ चुनिंदा लोगों को साथ लेकर अंदर चला गया, जबकि बाकी नेताओं को बाहर इंतजार करना पड़ा।
राजेश गिरी ने इसे जिला नेतृत्व की मनमानी बताते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्था से पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ सकता है।
महिला पदाधिकारियों को प्रवेश नहीं मिलने पर भी नाराजगी
समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव सुनीता सिंह ने भी इस मामले पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि महिला सभा की चार वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रवेश नहीं मिलना निराशाजनक है। सुनीता सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, ऐसे में पार्टी की महिला पदाधिकारियों के साथ इस तरह की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
जिले के डॉक्टर अमित सिंह को प्रवेश मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी संगठन में भूमिका को लेकर भी सवाल हैं। फिलहाल, एयरपोर्ट पर प्रवेश को लेकर उठे विवाद ने आजमगढ़ में सपा के अंदर संगठनात्मक तालमेल और जिला नेतृत्व की कार्यशैली पर बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस मामले में पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।



