उत्तर प्रदेश

यूपी की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहीं महिलाएं, आत्मनिर्भरता पर सीएम योगी ने दिया जोर

नवरात्रि की चतुर्थी पर सीएम योगी ने मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना का संदेश दिया। कहा- बीसी सखी, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी गांवों में महिलाओं की तरक्की की नई पहचान बन रही हैं।

शारदीय नवरात्रि की चतुर्थी पर  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां कूष्मांडा को प्रणाम किया। इसके साथ ही पूरे प्रदेशवासियों को बधाई भी दी। उन्होंने मां कूष्मांडा को सृजन, ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक बताया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं की बदलती भूमिका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनके योगदान का जिक्र किया।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रदेश की महिलाएं अब केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अवसर और संसाधन मिलते हैं, तो वे अपने परिवार के साथ समाज की तरक्की में भी योगदान देती हैं।

बीसी सखी और लखपति दीदी से मिल रहे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। बीसी सखी गांवों में लोगों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद कर रही हैं। वहीं, लखपति दीदी योजना से जुड़ी महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।उन्होंने ड्रोन दीदी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, खेती में ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से महिलाएं कृषि क्षेत्र में नई भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों के जरिए महिलाओं को रोजगार और अपना काम शुरू करने के अवसर मिल रहे हैं।

महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगा प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से गांवों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है। महिलाएं अब परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ साथ ग्रामीण विकास में भी नेतृत्व कर रही हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, गांवों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना उत्तर प्रदेश के विकास के लिए जरूरी है। महिलाओं की आत्मनिर्भरता से परिवार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button