UP TGT भर्ती 2026: 17,735 पदों पर निकली वैकेंसी, 24 अक्टूबर से आवेदन शुरू
उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक बनने का मौका, 23 और 24 दिसंबर को होगी लिखित परीक्षा; जानिए योग्यता, फीस और आवेदन की पूरी प्रक्रिया।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक यानी TGT भर्ती 2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के कुल 17,735 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
23 नवंबर तक जमा कर सकेंगे फीस
आयोग के अनुसार, भर्ती में बालक विद्यालयों के 16,193 और बालिका विद्यालयों के 1,542 पद शामिल हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 है। वहीं, आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने का मौका 26 नवंबर तक मिलेगा। अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [www.upessc.up.gov.in](http://www.upessc.up.gov.in) पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा। रजिस्ट्रेशन और आवेदन फॉर्म अंग्रेजी में भरना अनिवार्य है।
कितनी होगी आवेदन फीस?
सामान्य, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये शुल्क देना होगा। SC और ST अभ्यर्थियों के लिए फीस 500 रुपये रखी गई है, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को 300 रुपये जमा करने होंगे।
योग्यता और उम्र की शर्तें
आवेदन के लिए 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 62 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षिक योग्यता के तहत संबंधित विषय में 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक या 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर होना जरूरी है। इसके साथ मान्यता प्राप्त संस्थान से B.Ed और निर्धारित TET योग्यता भी अनिवार्य है। शारीरिक शिक्षा विषय के लिए BP.Ed या BPE की योग्यता रखी गई है।
दो घंटे में देने होंगे 120 सवाल
TGT भर्ती की लिखित परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को होगी। परीक्षा में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए दो घंटे मिलेंगे। सामान्य ज्ञान के 30 और संबंधित विषय के 90 प्रश्न होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक मिलेंगे, जबकि गलत जवाब पर एक अंक काटा जाएगा। कुल परीक्षा 360 अंकों की होगी।
हिंदी में सबसे ज्यादा पद
विषयवार रिक्तियों में हिंदी के 2,791 पद हैं। अंग्रेजी के 2,517, विज्ञान के 2,493, सामाजिक विज्ञान के 2,482 और गणित के 2,349 पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पे मैट्रिक्स लेवल-7 के तहत 44,900 से 1,42,400 रुपये तक वेतन मिलेगा। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर भर्ती से जुड़ी सभी शर्तें और दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लें।



