उत्तर प्रदेश

Lucknow : किरायेदार का खौफनाक कदम, फायर से पहले ही थम गई जिंदगी की डोर!

उतरेठिया में किरायेदार और मकान मालिक के विवाद ने लिया गंभीर रूप, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध तमंचा बरामद किय

Lucknow Desk : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के उतरेठिया इलाके में किरायेदार और मकान मालिक के बीच विवाद के बाद मामला गंभीर हो गया। आरोप है कि किरायेदार ने अवैध तमंचे से फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन तमंचा मिस फायर हो गया, जिससे बड़ी घटना टल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उतरेठिया निवासी मकान मालिक कृष्णा मिश्रा और उनके किरायेदार अभिषेक श्रीवास्तव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि किरायेदार अभिषेक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

शोर सुनकर कृष्णा मिश्रा के चचेरे भाई दीपक त्रिपाठी और अमन मिश्रा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक ने तमंचा निकाल लिया और कृष्णा मिश्रा पर फायर करने का प्रयास किया। हालांकि तमंचा मिस फायर हो गया और गोली नहीं चल सकी।

इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पीजीआई पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब बरामद तमंचे की जांच कर रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button