उत्तर प्रदेश
Trending

UP में सीएम योगी ने दिया कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा, 30 दिन के बोनस को दी मंजूरी

UP CM Yogi has given Diwali gift to employees approving 30 day bonus

लखनऊ। दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन का तदर्थ बोनस देने का शासनादेश जारी किया है। पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये बोनस मिलेगा। सरकार के इस फैसले से करीब 14.5 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

राज्यपाल की मंजूरी के बाद वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने गुरुवार शाम आदेश जारी किया। बोनस का 25 प्रतिशत हिस्सा नकद दिया जाएगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत कर्मचारी के भविष्य निधि खाते में जमा होगा। जिन कर्मचारियों का पीएफ खाता नहीं है, उनके हिस्से की राशि एनएससी या पीपीएफ में जमा की जाएगी।

किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?

बोनस का लाभ पात्र अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारियों को मिलेगा। पात्रता के लिए कर्मचारियों को 31 मार्च 2026 तक कम से कम एक साल की निरंतर सेवा पूरी करनी होगी। वेतन मैट्रिक्स के लेवल-8 तक—पुराने वेतनमान में 4,800 रुपये ग्रेड पे तक—के पात्र कर्मचारी इस दायरे में आएंगे।

बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक वेतन 7,000 रुपये माना जाएगा। इसी आधार पर 30 दिन के बोनस की अधिकतम राशि 6,908 रुपये तय की गई है।

दैनिक वेतनभोगियों के लिए भी प्रावधान

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भी बोनस के पात्र होंगे, बशर्ते उन्होंने लगातार तीन साल तक निर्धारित कार्य-दिवस पूरे किए हों। छह दिन के कार्य-सप्ताह वाले कार्यालयों में हर साल कम से कम 240 दिन काम करना जरूरी है। उनके लिए अधिकतम बोनस 1,184 रुपये निर्धारित है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पूरा भुगतान नकद

जो पात्र कर्मचारी 31 मार्च 2026 के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं या 30 अप्रैल 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें बोनस की पूरी राशि नकद दी जाएगी। अन्य पात्र कर्मचारियों को 25 प्रतिशत भुगतान नकद और 75 प्रतिशत भविष्य निधि या निर्धारित बचत योजना में जमा करने के नियम के अनुसार मिलेगा।

यह भी पढ़े : अयोध्या दीपोत्सव : 220 टन बालू बन रहा 50 फीट लंबा भव्य राम दरबार, जानिए और क्या है खास…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button