CM Yogi : 12 दिन में दो बार गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी, 1753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
सड़क कनेक्टिविटी, महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी योजनाओं पर रहा मुख्यमंत्री का फोकस।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 12 दिनों में गोरखपुर के दो दौरे किए और इस दौरान जिले को 1753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री के दोनों दौरों में अलग-अलग विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें सबसे ज्यादा जोर सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और लोगों की आवाजाही को आसान करने वाली योजनाओं पर रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 जुलाई को गोरखपुर पहुंचकर करीब 758 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इसके बाद 23 जुलाई को उन्होंने एक बार फिर जिले का दौरा किया और 995 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को जनता को समर्पित किया। इन योजनाओं के शुरू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
गोरखपुर में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार कह चुके हैं कि बेहतर कनेक्टिविटी से आम लोगों की जिंदगी आसान होती है और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उनके हाल के दोनों दौरों में भी इसका असर देखने को मिला।
11 जुलाई को मुख्यमंत्री ने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 11.60 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया था। वहीं 23 जुलाई को उन्होंने जिले के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर को जनता को समर्पित किया। करीब 429.49 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 2.6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर से गोरखपुर आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस फ्लाईओवर के शुरू होने से संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, बिहार, महराजगंज और नेपाल जाने वाले यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक बनी फोरलेन सड़क भी शहर की आंतरिक कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इससे स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे में केवल सड़क परियोजनाओं पर ही नहीं, बल्कि महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा को लेकर भी कई अहम घोषणाएं की गईं। कामकाजी महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री श्रमीजीवी महिला छात्रावास का शिलान्यास किया गया। इससे नौकरी और रोजगार के लिए बाहर रहने वाली महिलाओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिल सकेगी।
इसके साथ ही राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण की पहल भी की गई है। इस केंद्र में आधुनिक तकनीक और नई शिक्षा पद्धतियों से जुड़े लैब विकसित किए जाएंगे, जिससे छात्राओं को तकनीकी क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
गोरखपुर के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के साथ जिले में विकास कार्यों को गति मिलती है। पिछले कुछ वर्षों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में कई योजनाएं शुरू हुई हैं। हाल के दो दौरों में मिली विकास परियोजनाओं को भी गोरखपुर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



