UP Transfer: फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 2 मंडलायुक्त और 6 जिलों के DM बदले
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे इन तबादलों को प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में योगी सरकार ने एक बार फिर बड़ा फैसला लेते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में दो मंडलों के आयुक्त और छह जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं। चंदौली, जौनपुर, गोंडा, भदोही, श्रावस्ती और शामली में नए डीएम की तैनाती की गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। औद्योगिक विकास प्राधिकरणों से लेकर अलग-अलग विभागों तक में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्त भी बदले
तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव कानपुर और वाराणसी मंडल में हुआ है। के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त रहे एस. राजलिंगम को अब कानपुर मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा रवि कुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद से हटाकर यूपीसीडा का सीईओ नियुक्त किया गया है। डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण से स्थानांतरित कर ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
सौम्या अग्रवाल को कई विभागों की जिम्मेदारी
आईएएस अधिकारी सौम्या अग्रवाल को भी इस फेरबदल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड, स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड और सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।
इन छह जिलों में नए डीएम की तैनाती
शासन के आदेश के मुताबिक छह जिलों के जिलाधिकारियों को बदलकर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। तबादला सूची में अधिकारियों की तैनाती इस प्रकार है:
भदोही: अनिल कुमार सिंह को जिलाधिकारी बनाया गया है। उनके पास भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ का प्रभार भी रहेगा।
चंदौली: शैलेश कुमार को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
गोंडा: रमेश रंजन को जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जौनपुर: उमेश मिश्रा को नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
श्रावस्ती: मनोज कुमार राय को जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
शामली: प्रवीण वर्मा को नया डीएम बनाया गया है। उन्होंने आलोक यादव की जगह ली है। आलोक यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
चार दिनों में 54 अधिकारियों के तबादले
उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों के भीतर प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। सोमवार को 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए, जबकि 14 नवंबर को शासन ने 38 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया था।
इस तरह चार दिनों के अंदर कुल 54 अधिकारियों के तबादले किए जा चुके हैं। इनमें मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और औद्योगिक विकास प्राधिकरणों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
2027 चुनाव से पहले प्रशासनिक बदलाव तेज
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे इन तबादलों को प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। जिलों से लेकर मंडल और औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों तक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आने वाले दिनों में शासन की ओर से और भी प्रशासनिक बदलाव किए जाते हैं या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी।



