Pankaj Chaudhary : 14 जुलाई को बहराइच और लखीमपुर दौरे पर रहेंगे पंकज चौधरी, कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
पंकज चौधरी का बहराइच-लखीमपुर दौरा आज, मीडिया संवाद और प्रबुद्धजन सम्मेलन में करेंगे शिरकत

Lucknow Desk : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी 14 जुलाई को बहराइच और लखीमपुर खीरी के दौरे पर रहेंगे। उनके एक दिवसीय प्रवास के दौरान कई सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंकज चौधरी सुबह करीब 8 बजकर 10 मिनट पर बहराइच जिले के मिहीपुरवा विकासखंड के ग्राम विशनापुर पहुंचेंगे। यहां वे श्री करण सिंह थारू के परिवार से मुलाकात करेंगे और उनका हालचाल जानेंगे। इसके बाद उनका काफिला लखीमपुर खीरी के लिए रवाना होगा।
लखीमपुर पहुंचने पर सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर ढखेरवा चौराहा, निघासन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर श्रीनगर स्थित शारदा बैराज पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहीं सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर नवभारत स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर पंकज चौधरी गोल्डन स्क्वायर मैरिज लॉन में आयोजित भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
इसके बाद दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर वे मीडिया से बातचीत करेंगे और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। फिर दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर भाजपा जिला कार्यालय में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर जनप्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक कर क्षेत्र के विकास कार्यों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे।
अपने दौरे के अंतिम चरण में पंकज चौधरी दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर मेला मैदान रोड स्थित शिव शक्ति मैरिज लॉन पहुंचेंगे। यहां वे प्रबुद्धजनों के साथ संवाद करेंगे और उनके सुझाव व विचार सुनेंगे। भाजपा नेताओं के मुताबिक यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ये भी पढ़ें : https://globalnews360.com/bhinga-se-vibhutinath-shiva-man/



