भाजपा ने मिशन 2027 के फ़तह का चुनावी खाका किया तैयार
लखनऊ में अमित शाह का बड़ा एलान-तीसरी बार सरकार बनी तो यूपी में लागू करेंगे समान नागरिक संहिता। योगी सरकार के कामकाज और नेतृत्व को भी चुनावी अभियान के केंद्र में रखने का संदेश

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। आज राजधानी लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी के आगामी चुनावी एजेंडे की दिशा स्पष्ट कर दी। उन्होंने साफ ऐलान किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो प्रदेश में समान नागरिक संहिता यानि UCC को लागू किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान के साथ ही यह साफ हो गया है कि यूसीसी आगामी विधानसभा चुनाव के प्रमुख राजनीतिक मुद्दों में शामिल हो गया है।
वही इस दौरान अमित शाह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने कठोर शासन के जरिए प्रदेश को माफिया नेटवर्क से मुक्त करने की दिशा में प्रभावी काम किया है। कानून-व्यवस्था और विकास के मोर्चे पर पिछले दस वर्षों में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। शाह ने योगी सरकार के कामकाज को भी पार्टी की राजनीतिक उपलब्धियों के रूप में पेश किया। इससे साफ संकेत मिला कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व और उनके कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी भाजपा के चुनावी अभियान का प्रमुख आधार रहेगा।
इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री
शाह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र देते हुए आपसी नाराजगी और महत्वाकांक्षाओं को किनारे रखकर चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। उनका स्पष्ट संदेश था कि चुनाव केवल बड़े नेताओं के भरोसे नहीं जीते जाते, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की सक्रियता निर्णायक होती है। उन्होंने अर्जुन की तरह लक्ष्य पर नजर रखने का आह्वान भी किया।
बहरहाल अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूसीसी, योगी सरकार का रिपोर्ट कार्ड, राम मंदिर और संगठन की ताकत को भाजपा किस तरह चुनावी अभियान में उतारती है और विपक्ष इन मुद्दों का जवाब किस रणनीति से देता है और भाजपा के हैट्रिक को कितना रोकने में कामयाब हो पाता है।



