मेरठ में बंद मीट फैक्ट्री की लूट का खुलासा, मुठभेड़ के बाद चार आरोपी गिरफ्तार
हाजी याकूब कुरैशी की अलीपुर स्थित फैक्ट्री में हुई थी वारदात, पुलिस ने कैंटर, पिकअप और एल्युमिनियम प्लेट बरामद कीं

Lucknow Desk : पूर्व बसपा मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की ग्राम अलीपुर स्थित बंद पड़ी मीट फैक्ट्री में हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मेरठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, दो वाहन और एक तमंचा बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 4-5 की रात अलीपुर गांव में स्थित बंद मीट फैक्ट्री में कुछ अज्ञात लोगों के घुसने और सामान लूटकर ले जाने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसके लिए जिला स्तर, थाना स्तर और सर्किल स्तर पर अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं।
एसपी सिटी और सीओ कोतवाली के नेतृत्व में थाना पुलिस और SOG की टीम ने जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान पुलिस की टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम पहलवान निवासी बुलंदशहर, अजय निवासी ग्राम बहलाई बुलंदशहर, कलीम निवासी थाना विजयनगर गाजियाबाद और आस मोहम्मद निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक टाटा कैंटर, एक पिकअप वाहन, 30 एल्युमिनियम प्लेट, 315 बोर का एक तमंचा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश फैक्ट्री से कीमती एल्युमिनियम प्लेट और दूसरे सामान को लूटकर ले गए थे। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में उनके साथ और कौन लोग शामिल थे।
SSP मेरठ ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मामले के खुलासे में एसपी सिटी, सीओ कोतवाली, थाना पुलिस और SOG टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बेहतर काम करने वाली टीम को उचित रूप से सम्मानित किया जाएगा।



