‘पति को मारा फिर सांप से कटवाया..’, मेरठ में एक और हत्याकांड में पत्नी रविता और उसके प्रेमी मिली फांसी की सजा
Meerut murder wife Ravita and her lover sentenced to death
मेरठ सर्पदंश हत्याकांड : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक और हत्याकांड में अदालत ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को फांसी की सजा सुनाई है। सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को सजा-ए-मौत मिलने के बाद बहसूमा क्षेत्र में हुए चर्चित सर्पदंश हत्याकांड में भी अदालत ने मृतक अमित कश्यप की हत्या के दोषी उसकी पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुना दी है। शुक्रवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ-12) जयवीर सिंह नागर की अदालत ने दोनों को हत्या कर बिस्तर पर जिंदा सांप छोड़कर साक्ष्य मिटाने के लिए दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
बिस्तर पर मिला था शव, नीचे दबा था जिंदा सांप
बता दें कि 13 अप्रैल 2025 को सर्पदंश हत्याकांड का खुलासा हुआ था। मेरठ के बहसूमा में अमित कश्यप का शव बिस्तर पर पड़ा मिला था। शव के पास जिंदा सांप दबा हुआ पाया गया था। पुलिस के बयान के मुताबिक, शरीर पर सांप के काटे जाने के दस निशान पाए गए थे। मृतक की पत्नी रविता ने हत्या को छिपाने के लिए अमित को सांप के डंसने के दौरान मौत होने की बात कही थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि अमित कश्यप की मौत सांप के काटने से नहीं हुई बल्कि दम घुटने से हुई थी। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसका गला, नाक और मुंह दबाया गया था। गर्दन पर दबाव के कारण उसकी हायॉइड हड्डी और थायरॉइड कार्टिलेज भी टूट गई थीं।
प्रेम संबंध में बाधा बनने पर रविता ने की थी पति की हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक, अमित अपने पड़ोसी और दोस्त अमरदीप के साथ टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। इसी दौरान रविता और अमरदीप के बीच प्रेम संबंध बन गए। परिवार के लोगों ने एक बार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। अमित ने इस संबंध का विरोध किया था। जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2025 की रात रविता और अमरदीप ने सोते समय अमित का गला घोंट दिया। फिर हत्या को सर्पदंश से हुई मौत दिखाने के लिए बिस्तर पर जिंदा सांप छोड़ दिया। जांच में यह भी सामने आया कि अमरदीप ने माता के जागरण का बहाना बनाकर सपेरे कृष्ण से एक हजार रुपये में सांप खरीदा था।
कॉल रिकॉर्ड और गवाह बने अहम आधार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के 24 घंटे के भीतर रविता और अमरदीप के बीच 51 बार फोन पर बातचीत हुई थी। अमित के भाई मोनू कश्यप की शिकायत पर 16 अप्रैल 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 12 गवाहों के बयान दर्ज कराए। इनमें अमित के भाई मोनू, मां मुनेश देवी, सपेरा और विवेचक शामिल थे। अदालत ने पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर रविता और अमरदीप को दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड सुनाया।



