उत्तर प्रदेश

लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य का प्रदर्शन, विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने रोका

यूनिवर्सिटी बचाने की मांग को लेकर लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य का प्रदर्शन

Lucknow Desk : जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मांग को लेकर सोमवार को लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा की ओर मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने दारुलशफा के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

विधानसभा मार्च के दौरान आरएलडी कार्यालय के बाहर भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक देखने को मिली। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनका आरोप था कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिससे शिक्षा का माहौल प्रभावित हो रहा है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई छात्रों के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सरकार से जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण से जुड़े सभी निर्देश तत्काल वापस लेने की मांग की।

उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षा संस्थान को इस तरह प्रभावित करना उचित नहीं है। सरकार को ऐसा समाधान निकालना चाहिए जिससे छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो और उनका भविष्य सुरक्षित रहे।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया। जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाई हुई है और इस मामले पर विभिन्न राजनीतिक दल अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button