खबर

श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को पुलिस ने पकड़ा

9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी कारोबारी शिवा शर्मा की मौत

Lucknow Desk : लखनऊ के शिवा शर्मा मामले में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। यूपी एसटीएफ ने फरार चल रहे श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ लिया है। तीनों को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें नागपुर की जिला अदालत में पेश किया गया। अब पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने की तैयारी कर रही है।

यह मामला 9 अक्टूबर का है, जब लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन यानी 10 अक्टूबर को शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे, रश्मि और दानिश के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। जांच के दौरान उनकी लोकेशन नेपाल बॉर्डर के पास मिली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे वहां से निकल गए। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश में दूसरे स्थानों पर भी छानबीन की। जांच के दौरान आरोपियों के आगरा की तरफ जाने और फिर महाराष्ट्र के नागपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई।

लगातार फरार रहने के कारण तीनों आरोपियों पर घोषित इनाम बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया गया था। साथ ही उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।

इस मामले में शुरुआती कार्रवाई को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे थे। लापरवाही के आरोपों के बीच हजरतगंज इंस्पेक्टर और एसीपी का तबादला किया गया था।

अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि पूछताछ में शिवा शर्मा की मौत से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button