खबर

यूपी के युवा स्टार्टअप को मिलेगा नया सहारा, सीएम योगी कल बांटेंगे प्रोत्साहन राशि

107 स्टार्टअप्स और 9 इनक्यूबेटर्स को मिलेगा प्रोत्साहन, स्टार्टअप मिशन पोर्टल का भी होगा शुभारंभ

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में युवाओं के नए आइडिया और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में 107 स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। इसके साथ ही 9 इनक्यूबेटर्स को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इस पोर्टल के जरिए प्रदेश के स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटर्स को योजनाओं से जुड़ी जानकारी और सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।

उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के तहत नए इनक्यूबेटर्स को मान्यता प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। वहीं, आईआईटी कानपुर से जुड़े स्टार्टअप्स को मुख्यमंत्री की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ और नोएडा में U-Hub के डीप-टेक सेंटर स्थापित करने की घोषणा भी की जाएगी। इन केंद्रों का उद्देश्य तकनीक आधारित नए स्टार्टअप्स और युवाओं के इनोवेशन को आगे बढ़ाने में मदद करना होगा।

सरकार के अनुसार, उत्तर प्रदेश में इस समय 88 इनक्यूबेटर्स हैं और प्रदेश का स्टार्टअप इकोसिस्टम देश में चौथे स्थान पर है। सरकार का फोकस युवाओं को नए कारोबार शुरू करने के लिए बेहतर माहौल और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने पर है।

कार्यक्रम कल सुबह 10 बजे लोकभवन में आयोजित होगा। माना जा रहा है कि इस पहल से प्रदेश में स्टार्टअप और इनोवेशन को और गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button