खबर

2027 चुनाव से पहले BJP मंत्रियों का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- यूपी में सपा का सफाया तय

मनोज पांडेय ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर घेरा, एके शर्मा ने 2017 और 2022 की जीत दोहराने का किया दावा; जेपीएस राठौर बोले- सपने देखने में टिकट नहीं लगता

Lucknow Desk: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी के मंत्रियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, एके शर्मा और जेपीएस राठौर ने अलग-अलग मुद्दों पर सपा प्रमुख को घेरा। मंत्रियों ने दावा किया कि बीजेपी सरकार के विकास कार्यों के सामने विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और 2027 में भी प्रदेश में एनडीए की सरकार बनेगी।

मनोज पांडेय बोले- चुनाव से पहले ही पस्त हुए अखिलेश

कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि एमएलसी चुनाव में बीजेपी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके बाद अखिलेश यादव के बयान उनकी बेचैनी दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही सपा प्रमुख के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं।

मनोज पांडेय ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में शिक्षा के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। सरकार ने ऐसे मॉडल स्कूल तैयार किए हैं, जो कान्वेंट स्कूलों को भी पीछे छोड़ रहे हैं। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को प्रदेश में हो रहे विकास कार्य दिखाई नहीं देते। उसे अपने शासनकाल के दौरान स्कूलों की स्थिति भी याद करनी चाहिए।

एके शर्मा ने 2027 में जीत दोहराने का किया दावा

कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी जनता सपा प्रमुख के अहंकार को जवाब देगी। एके शर्मा ने दावा किया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर काम हुआ है।

उन्होंने आईआईटी, एम्स, विश्वविद्यालयों और केंद्रीय विश्वविद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में देश और प्रदेश में विकास के कई काम हुए हैं। उनके मुताबिक, बीजेपी इन कामों के दम पर एक बार फिर जनता के बीच जाएगी।

जेपीएस राठौर बोले: अंगद की तरह खड़े हैं बीजेपी कार्यकर्ता

मंत्री जेपीएस राठौर ने अखिलेश यादव के सत्ता में वापसी के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि सपने देखने में कोई टिकट नहीं लगता, इसलिए वे सपने देखते रहें। उन्होंने कहा कि बीजेपी का हर कार्यकर्ता अंगद की तरह मजबूती से खड़ा है।

जेपीएस राठौर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सफाया हो जाएगा और एनडीए तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button