Rain Alert : यूपी में झमाझम हुई बारिश, गर्मी से मिली बड़ी राहत !
आने वाले दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से अच्छी वर्षा दर्ज होने की संभावना है।

Lucknow Desk : यूपी में मौसम ने करवट बदल ली है। आज सुबह तड़के से ही बारिश होने शुरु हो गई है। मौसम काफी सुहावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर समेत 25 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। लेकिन कई जगह तेज बारिश भी हुई है। जिसके कारण लोगों को गर्मी से काफी आराम मिली है। बारिश के चलते वातावरण ठंडा हुआ है। बीते दिनों उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया था।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में उत्तर प्रदेश में मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां जलभराव या तेज हवा की संभावना रहती है।
वहीं अगर लखनऊ की बात की जाएं तो मौसम सुबह से ही ठंडा है। तड़के सुबह तेज बारिश भी हुई। जिसके चलते आम जन जीवन को काफी राहत मिली। गुरुवार से अगले सात जुलाई तक 55 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बरसात की भविष्यवाणी हुई हैं। पूर्वी यूपी के अधिकतर जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी। बारिश के कारण शहरों में जहां मौसम खुशनुमा हो गया है, वहीं कुछ स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखें।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से अच्छी वर्षा दर्ज होने की संभावना है। इससे जलाशयों का जलस्तर बढ़ेगा, भूजल स्तर में सुधार होगा और कृषि गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे गर्मी से राहत तो मिलेगी ही, साथ ही किसानों के लिए भी यह बारिश काफी लाभदायक साबित होगी। धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद है। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे पर भी अब मुस्कान लौटने लगी है।



