Assam Train Accident : सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
assam train accident 6 coaches of kolkata sairang express derail

Assam Accident : असम में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना हुई। हादसा गुवाहाटी के बाहरी इलाके में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन के कुछ डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। शुरुआती खबरों में डिब्बों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) के CPRO कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, ट्रेन नंबर 13125 को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए दिगारू स्टेशन पर रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई।
रेलवे ने बाद में बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। राहत और बचाव दल तथा वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे, जबकि एक राहत ट्रेन भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
हादसे के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को देरी से चलाया जा रहा है या उनका मार्ग बदला गया है। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित रेल मार्ग पर आवाजाही बहाल करने का काम जारी है।
यह भी पढ़े : योगी आदित्यनाथ ने 209 उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेजी, यूपी चुनाव को लेकर BJP में हलचल तेज



