मंगलौर में गूंजा भारत माता का जयघोष, भड़ाना की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
नारसन बॉर्डर से भाजपा कार्यालय तक निकली तिरंगा यात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

Lucknow Desk : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति का जोश देखने को मिला। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना के नेतृत्व में नारसन बॉर्डर से नारसन खुर्द स्थित भाजपा कार्यालय तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगा लहराता नजर आया।तिरंगा यात्रा में विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान करतार सिंह भड़ाना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सभी लोग हर्ष और उल्लास के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना किसी धर्म या मजहब की सीमाओं में बंधी नहीं है और आज सभी लोग धर्म-मजहब से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्र के सम्मान में यात्रा का हिस्सा बने हैं। करतार सिंह भड़ाना ने यात्रा में शामिल हुए लोगों का आभार जताते हुए कहा कि वह सेवा भाव के संकल्प के साथ आगे भी क्षेत्र में इसी तरह सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले करीब ढाई वर्षों से वह लगातार मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता के बीच काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि भले ही उन्हें पिछले चुनाव में सफलता नहीं मिली लेकिन वह चुनाव हारने के बाद भी क्षेत्र से दूर नहीं हुए। उनका उद्देश्य राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करना है और इसी संकल्प के साथ वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। करतार सिंह भड़ाना ने कहा कि यदि इस बार क्षेत्र की जनता उन्हें विधानसभा पहुंचने का अवसर देती है तो वह मंगलौर क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेंगे और क्षेत्र का “चमन बनाने” का प्रयास करेंगे। तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इसे भव्य रूप दिया। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा और पूरा क्षेत्र तिरंगों से सराबोर नजर आया।



