मीरजापुर: अनुप्रिया पटेल ने किया मतदान, 2027 में NDA की हैट्रिक का जताया भरोसा
उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर उन्हें कोई संदेह नहीं है। जनता का समर्थन NDA के साथ है और तीसरी बार गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव (MLC Chunav) को लेकर शुक्रवार यानी आज मतदान चल रहा है। चुनाव से पहले मतदाता सूची में विसंगतियों को लेकर खूब चर्चा हुई। इसी बीच मीरजापुर में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मतदेय स्थल तहसील सदर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने वाराणसी खंड स्नातक प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की बात कही। साथ ही उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर NDA की जीत का भरोसा जताया। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जनता का आशीर्वाद एक बार फिर NDA को मिलेगा और गठबंधन तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि NDA के सभी प्रत्याशी जीत दर्ज कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर उन्हें कोई संदेह नहीं है। जनता का समर्थन NDA के साथ है और तीसरी बार गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अभी इस संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है। फिलहाल सभी दल संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि वे साल के 365 दिन जनता के बीच रहती हैं और उनकी जनसंपर्क गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं।
उन्होंने बताया कि NDA में पांच दल शामिल हैं और सभी दल जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सीटों का निर्धारण कर लेंगे। उनके मुताबिक, गठबंधन की जीत को लेकर पूरा भरोसा है।
अनुप्रिया पटेल ने छोटे दलों के कार्यक्रमों में जुट रही भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे दलों के पास संसाधन सीमित होते हैं, लेकिन इसके बावजूद जनता बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में पहुंच रही है। उन्होंने इसे जनता के उत्साह, उम्मीद और NDA के प्रति सकारात्मक भाव का संकेत बताया।



